Wednesday, April 15, 2009
चटकल
नरेश झुंझला गया। उसे लगा चटकल में बदली मजदूर का काम करना और भीख मांगना बराबर है। पिछले तीन दिनों से लेबर ऑफिस का चक्कर लगा-लगा कर वह हलकान था लेकिन बाबू थे कि काम देने का नाम ही नहीं ले रहे थे। बस एक ही ज़वाब--आज लोक नहीं लागेगा।(आज आदमी की ज़रूरत नहीं है)। जी में तो आया कि बोल दे कि लोक कब लगेगा, जब हम भूख से दम तोड़ देंगे? लेकिन कुछ नहीं बोल पाया। बदली मजदूर की इतनी हैसियत कहां होती है कि बाबू के आगे मुंह खोल पाये।
वह खड़ा रहा। उम्मीद थी कि शायद कोई नागा(अनुपस्थित) हो जाय, और उसे बुलावा आ जाय।बाबू ने चश्मे के बाहर से उसकी ओर देखा--अब इहां का करता है। जाओ काल आना।नरेश ने विनती के स्वर में पूछा--कुछ देर और देख लें साहब? शायद कोई नागा हो।बाबू हंसा। पान की पिक उसके होठ के दाहिने किनारे से निकल पड़ी। उसने टेबल से एक कागज उठाया और उससे अपना मुंह पोंछ कर डस्टबिन में फेंक दिया। तभी महेशनाथ दिखे। चेलों की पूरी टोली के साथ। वे सीधे लेबर बाबू के पास पहुंचे। कांग्रेस यूनियन के नेता। इस कारखाने के मामले में सबसे बड़े और दबंग नेता।बाबू ने इस बार चश्मे के अंदर से महेशबाबू की ओर देखा--नमोस्कार महेश दा। का खबोर?.महेश बाबू ने तल्ख स्वर में कहा--क्या बात है? तुम आजकल बहुत बड़े बाबू बन गये हो। हमलोगों की बात भी नहीं सुनते। सब बाबूगिरी भूला देंगे।
बाबू की सिट्टीपिट्टी गुम। हें-हें करता हुआ बोला-इ का बोल रहा है महेश दा? आपलोगों के लिए ही तो इहां पर बैठे हैं। का बात है?
-लल्लन तीन-तीन बार आया लेकिन तुमने उसे काम नहीं दिया।
बाबू ने कहा--अइसा बात नहीं महेश दा। आपका किसी भी लोक को हम कभी मना नाहीं किया लेकिन वो दिन सचमुच लोक का ज़रूरत नेहीं था। आज ज़रूरत है तो लल्लन का पता नहीं। हम बोला था कि एक बार चक्कर ज़रूर मार जाना।
महेश बाबू का पारा गरम हो गया--कहां है ललनवां? लल्लन झट सामने आ गया।महेश बाबू चिल्लाये--का रे, बड़का लाट साहब हो गया है ? बाबू तुम्हारे घर जाकर काम देंगे क्या? बाप का नौकर समझ रखा है
सबको लल्लन को मानो सांप सूंघ गया। सीधे जाकर बाबू के टेबल के सामने खड़ा हो गया. बाबू ने उसके नाम की पर्ची काटते हुए कहा-रोज काहें नहीं आता? छोटा छोटा बात के लिए महेश दा को परेशान करता है।लल्लन चुप। बाबू पर खून खौल रहा था। अभी इसे बकवास करने की क्या ज़रूरत है? चुपचाप जल्दी से पर्ची देता क्यों नहीं? पर्ची हाथ में मिलते ही मानो लल्लन की जान में जान आई. सीधे फैक्टरी की ओर भागा। पता नहीं उसे काम मिलने की खुशी थी या महेश बाबू से दूर भागने की। महेश बाबू का गुस्सा बहुत खतरनाक होता था।
नरेश दंग रह गया। बाबू ने उसे काम देने से मना कर दिया लेकिन महेश बाबू के आते ही लल्लन को काम मिल गया। लेकिन क्या वह इस मामले में बाबू से बहस कर सकता था। नहीं...नहीं कर सकता बहस। गाहे-बगाहे बाबू काम देता भी तो था। बहस कर लिया तो वह भी बंद हो जायेगा। क्या करे वह? क्या बिना यूनियन पकड़े उसे काम नहीं मिलेगा? कैसे पकड़े किसी यूनियन का दामन। दो ही यूनियन प्रभावी थी। एक लाल, दूसरा पंजा। सीपीएम और कांग्रेस लेकिन लाल और पंजा के नाम से मशहूर। लाल झंडा वालों के पास जाये या पंजा वालों के पास। जान पहचान तो किसी से नहीं थी लेकिन उसके कुछ ऐसे साथी थे , जो यूनियन में थे। जुलूस निकलता तो कंधे पर झंडा लेकर नारे लगाते हुए चलते थे. उस वक्त उनकी छाती गर्व से फैली होती थी। नरेश का भी जी करता कि वह भी नारे लगाये, झंडे ढोये। मजदूरों के बीच रूतबा बढ़ता है लेकिन क्या कोई यूनियन उसे इस लायक समझेगी?
सुना था लाल झंडे वालों की सरकार है, इसलिए उनकी खूब चलती है लेकिन साथ ही यह भी सुना था कि इसमें बंगालियों का वर्चस्व है और वे बिहारी मजदूरों की मदद नहीं करते। मेड़ो (पश्चिम बंगाल में यही कहकर हिंदीभाषियों को चिढ़ाया जाता है) कहकर भगा देते हैं। लेकिन पता नहीं क्यों उसे इस बात पर विश्वास नहीं होता था। वह बिहार के कितने ही मजदूरों को जानता था जो लाल झंडा वाली यूनियन में जाते थे। घंटों बैठे रहते थे। बाबू लोगों के लिए दुकान से चाय लाते थे, कुल्हड़ों में सबको चाय बांटते थे, खुद भी शान से बैठकर पीते थे। और जवाहर? उसका तो रूतबा देखने लायक है। जब भी चटकल मैदान में मीटिंग होती है, रिक्शा पर माइक लेकर वही चिल्लाता है--भाइयो और बहनो, आज शाम चार बजे, चटकल मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है. इस जनसभा में मजदूरों की समस्याओं पर विचार होगा। सभा को पार्टी के लड़ाकू नेता कॉमरेड जतीन चटर्जी सम्बोधित करेंगे। घंटों वह रिक्शा में घूमता और अपनी बुलंद आवाज में मुनादी करता रहता था। उसके पीछे-पीछे कुछ मजदूर-कुछ बच्चे भागते रहते । वह भी तो मेड़ो ही है। अगर बात मेड़ो की ही होती तो उसे ये काम क्यों मिलता? सब लोग उसकी कितनी इज्जत करते हैं।
जवाहर से उसकी थोड़ी जान पहचान थी। उसने तय कर लिया वह आज ही जवाहर से मिलेगा और लाल झंडा का सदस्य बन जायेगा। सारे दुख दूर हो जायेंगे। रोज काम मिलेगा। रोज काम अर्थात हर पंद्रह दिन बाद ठीक-ठाक तंख्वाह। फिर मुन्ना को बनर्जी बाबू के घर की सूखी रोटी नहीं खानी पड़ेगी। सुरसती को मन मार कर लोगों के सामने उधार के लिए हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। मुन्ना के लिए एक पैंट और सुरसती के लिए एक साड़ी जरूर ले लेगा। चप्पल भी। सुरसती के पास चप्पल तक नहीं है। नंगे पांव दौड़ती रहती है। थोड़ी सी उम्मीद और नरेश के सपनों की फ़सल लहलहाने लगी थी उसने बाबू की ओर देखा। वह चश्मे के बाहर से नरेश की ओर ही देख रहा था। नरेश की आंखों में नफ़रत झलकी तो उसने झट अपनी आंखें फेर ली। शायद झेंप गया था।
लेबर ऑफिस से वह सीधे जवाहर के घर ही गया था लेकिन जवाहर घर पर नहीं था। पता चला दो तीन घंटे बाद आयेगा। पार्टी के काम से कहीं गया हुआ है । मन ही मन जवाहर से ईष्या हुई। कितना व्यस्त रहता है जवाहर। बाबू लोगों में कितनी इज्जत है उसकी। सब उसकी बात सुनते हैं। काम को लेकर भी कोई समस्या नहीं। जब चाहा काम कर लिया, जब चाहा पार्टी के काम से निकल पड़ा। उसने व्यर्थ ही अपना समय गंवा दिया। और पहले ही यूनियन में आ जाना चाहिए था लेकिन अब वह इस गलती को नहीं दोहरायेगा। जवाहर से मिलकर ही जायेगा।वह जवाहर के घर के बाहर ही घूमने लगा। कुछ देर बाद वहीं बगल की चाय की दुकान पर जाकर बैठ गया। घर जाने की हिम्मत नहीं हो रही थी। ज़रूरतें मुंह बाये खड़ी थीं और आज तो घर में राशन भी नहीं थी। किस मुंह से पत्नी और बच्चों के पास जाकर अपनी हताशा की बात कहेगा? घर जाने में देर होता देख कम से कम कुछ देर तक तो वे इस उम्मीद में रहेंगे कि उसे काम मिल गया है। अभाव में ऐसी उम्मीदें भूख पर भी भारी पड़ती हैं। बहुत बल मिलता है। उसने तय किया कि वह कुछ देर तक उन्हें इस उम्मीद का आनन्द उठाने देगा।
जवाहर उसे जतीन दा से मिलाने पर राजी हो गया था। उसने उम्मीद दिलाई थी कि यूनियन का सदस्य बनने के बाद काम मिलने में कोई दिक्कत नहीं होगी। नाम नंबर भी बन जायेगा। पीएफ कटने लगा। ईएसआई कार्ड बन जायेगा। हजारों सपने। छोटा सा मन। उछलता हुआ घर लौटा था नरेश।वक्त से पहले उसे देखकर सुरसती की उम्मीदों को झटका लगा था--का हुआ जी? आज भी काम नहीं मिला?
--नहीं, काम तो नहीं मिला लेकिन अब काम मिलेगा?
--कैसे?
और नरेश ने सारा किस्सा उत्साह के साथ बांच दिया था। उम्मीद का दीया और तेज जलने लगा था। लेकिन बिना भात के दोपहर कैसे कटेगी? कम से कम बच्चों के लिए कोई व्यवस्था तो करनी ही पड़ेगी। हमेशा की तरह सुरसती ने ही की थी व्यवस्था। पड़ोस से चावल उधार मांग कर लाई थी। जल्द ही वापस लौटाने के करार पर। दोपहर ठीक-ठाक गुजर गई। अब सारी उम्मीदें शाम पर टिकी थीं।
लाल झंडा का ऑफिस कारखाने के उत्तरी गेट के ठीक सामने था। अगल-बगल चाय की दो दुकानें। दिन भर चलने वाली दुकानें। कार्यकर्ताओं-मजदूरों-नेताओं की भीड़ लगी रहती थी। यहां एक घंटे बैठ जाओ तो कारखाने के बारे में, नेताओं के बारे में इतनी ज्यादा जानकारी मिल जाती थी कि बस पूछिए मत। कुछ जानकारी सही होती थी तो कुछ अटकलें। सिर्फ कारख़ाना ही क्यों राज्य और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितयों का आकलन, अखबार की एक-एक ख़बर की समीक्षा। अगर पढ़ना नहीं आता है तो भी कोई बात नहीं। एक अखबार पर जब दस दस लोग हों तो उनमें से एक वाचक की भूमिका में आ जाता था। बाकी नौ गोलबंद होकर ख़बर का मजा लेते थे। टिप्पणियां करते थे। बहस होती थी। बड़े-बड़े बुध्दिजीवी इन बहसों के आगे नहीं टिक सकते थे। सही मायने में अख़बार कैसे जनमत बनाता-बिगाड़ता है, इसका जीता-जागता प्रमाण इस चाय की दुकान पर मिल जाता था। कभी-कभी बहस हंगामे और मारपीट तक में तब्दील हो जाती थी।
नरेश जवाहर के बताये समय पर चाय की दुकान पर पहुंच गया था। लाल झंडा के ऑफिस में लोगों का आना जाना शुरू हो गया था। लगभग दस पंद्रह लोग भीतर बैठे भी थे। नरेश को बाहर ही इंतजार करना था। जवाहर के आने पर उसके साथ ही अंदर जाने की बात थी। उसके अन्दर का शर्मीला आदमी अब धीरे-धीरे जगने लगा था। इतने लोगों के बीच अपनी बात जतीन दा के सामने कैसे रख पायेगा?वह चाय की दुकान पर बैठ गया। डरते-डरते। सुना था दुकान वाला चाय का ऑर्डर नहीं देने वाले को नहीं बैठने देता । आप एक चाय पी लीजिये और घंटों बैठ कर राजनीति पर भाषण झाड़ते रहिए , उसे कोई समस्या नहीं थी लेकिन बिना ऑर्डर के बैठने पर किचकिच होने की आशंका थी लेकिन नरेश ने रिस्क उठाया और एक बेंच पर बैठ गया। चाय वाले ने ध्यान नहीं दिया। दुकान पर भीड़ थी और वह काफी व्यस्त था। अखबार के भीतर का एक पन्ना बेंच पर पड़ा हुआ था। उसने उठा लिया और पढ़ने की कोशिश करने लगा लेकिन पढ़ नहीं पाया। वह अखबार पर नज़र गड़ा ही नहीं पा रहा था। उसकी नज़रें बार-बार सड़क की ओर उठ जाती थी। जवाहर अभी तक आया क्यों नहीं? तय समय के हिसाब से तो उसे अब तक आ जाना चाहिए था। अखबार पर नज़र पड़ते ही मन में आशंका घुमड़ने लगती कि कहीं उसकी नज़र चूक गई और जवाहर यूनियन में घुस गया तो? वह अखबार का पन्ना हाथ में लेकर जवाहर के लिए टकटकी लगाये रहा।
एक घंटे बीत चुके थे। चाय की दुकान पर कितने ग्राहक आये और चले गये लेकिन नरेश उसी बेंच पर बैठा जवाहर की बाट जोहता रहा। यूनियन ऑफिस में और भीड़ हो गई थी। लगभग ठसाठस भर गया था। हंसी-मजाक -शोरगुल लेकिन उसके लिए सब जैसे बाहरी दुनिया की बात थी। उसकी दुनिया तो बस जवाहर के कदमों की आहट तक सिमट गई थी। कहीं ऑफिस में आ तो नहीं गया। हो सकता है उसकी नज़रें चूक गईं हो और जवाहर ऑफिस के अन्दर चला गया हो। लेकिन उसने तो चाय की दुकान पर ही इंतजार करने को कहा था।मन नहीं माना। वह बेंच से उठकर ऑफिस के सामने गया। ऑफिस खचाखच भरा हुआ था। अन्दर जाने की हिम्मत नहीं हुई उसकी। उसके अन्दर का मेड़ो उसे ऑफिस से दूर धकेलने लगा। अगर ऑफिस के अन्दर गया और किसी ने मेड़ो कहकर भगा दिया तो? वह खिड़की के पास तक आया। भीतर झांक कर जवाहर को ढूंढने की कोशिश की लेकिन जवाहर नहीं दिखा।
भीतर मनमोहन सरकार की कोई बात चल रही थी। सोनिया और ज्योति बसु की मुलाकात की बात चल रही थी। कोई जोर-जोर से हंस रहा था। तरह-तरह की बातों का मिश्रण और कुल मिलाकर मछली बाज़ार का माहौल । मार्क्सवाद का मछली बाज़ार या मछली बाज़ार में मार्क्सवाद--समझ में नहीं आया। हताश कदमों से फिर चाय की दुकान पर वापस लौट आया
तीन घंटे बीत गये थे। रात के नौ बज रहे थे। जवाहर नहीं आया। अब आने की संभावना भी नहीं थी। यूनियन ऑफिस लगभग खाली हो चुका था। चार पांच लोग थे और लग रहा था कि वे ही यूनियन ऑफिस बंद कर चले जायेंगे। चाय की दुकान भी खाली हो गई थी। चाय वाले की नज़र अब उस पर पड़ी।--क्या भाई? क्या बात है? शायद तुम शाम से ही यहां बैठे हो? कोई काम-धाम नहीं है क्या?
नरेश लगभग घबड़ा गया। याद आ गई चाय वाले बिना ऑर्डर के बैठने वालों को भगा देता है। उसे लगा अब बेइज्जत भी होना पड़ेगा। उसने लगभग डरते-डरते कहा--माफ करना भाई, तुम्हारी दुकान पर बहुत देर बैठ गया। एक आदमी का इंतजार कर रहा था लेकिन वह आया नहीं।
--कोई बात नहीं। यहां बैठने की मनाही नहीं है। ग्यारह बजे तक दुकान खुली रहती है तुम और दो घंटे बैठ सकते हो लेकिन बात क्या है? बहुत परेशान हो।
नरेश को राहत मिली। उसने अपना पूरा दिल उघाड़ कर रख दिया। इस ज़माने में ऐसा आदमी कहां मिलता है, जो दूसरों का दर्द सुनने के लिए वक्त निकाल सके।
--तो अभी तुम्हें दौड़ायेंगे सब। नेता लोग इतना जल्दी काम थोड़े ही करते हैं? मैं तो बरसों से यही देख रहा हूं? चाय वाले ने कहा और साथ ही पूछा---चाय पियोगे?
नरेश चुप रहा।
--पैसे की चिंता न करो। जब काम मिलेगा तो दे देना। शाम से बैठे हो। अरे छोटू, बाबू को चाय देना।
छोटू चाय दे गया।नरेश ने पूछा--दौड़ाते हैं लेकिन काम तो कर देते हैं न?नरेश दौड़ने के लिए तैयार था।
--देखो भाई, काम होता भी और नहीं भी होता है। सब इस बात पर है कि तुम्हारा सोर्स कैसा है।
सोर्स तो उसका जवाहर था। कायदे से मजबूत सोर्स था। काम हो जाना चाहिए था लेकिन वह चुप ही रहा।
--जाओ, अब कल एक बार फिर चक्कर लगाना। अब तो इतनी रात को यहां कोई आयेगा भी नहीं और अब ऑफिस तो बंद भी होगा।
कुछ देर बाद ऑफिस बंद भी हो गया. नरेश टूट गया। जब तक ऑफिस खुली थी उम्मीद की एक किरण बाकी थी कि शायद जवाहर आ जाय। भले ही जतीन दा से भेंट नहीं हो लेकिन जवाहर से भेंट होने पर भी उसे थोड़ी तसल्ली, थोड़ा दिलासा मिल जाता। वह बुरी तरह थक गया था। मानसिक रूप से भी और शारीरिक रूप से भी। किस मुंह से घर जाय। पता नहीं क्यों घर शब्द से ही अब उसे चिढ़ होने लगी थी। अभाव और घर दोनों एक साथ नहीं हो सकते। आदमी की ज़िन्दगी में इनमें से कोई एक ही होना चाहिए। घर जाते ही सुरसती का सवाल--क्या हुआ जी और जवाब सुनने के बाद उससे भी कठिन सवाल--अब क्या होगा जी?
दूसरे दिन भी वह तय समय पर यूनियन ऑफिस पहुंच गया था। चाय वाले से जान-पहचान हो गई थी। बैठते ही चाय आ गई। वह चकित रह गया। चाय वाले ने कहा--चिंता न करो। दो चाय का पैसा हो गया। काम मिलते ही दे देना।
चाय वाले ने उधारी शुरू कर दी थी। उधार लेते उसका दिल कांप उठा लेकिन निराला काका की बात याद आ गई--चटकल में काम करोगे और उधार नहीं लोगे-- यह कैसे हो सकता है। और उसके बाद खुला ठहाका। ऊपर से नीचे तक कर्ज में डूबे निराला काका कैसे ठहाके लगा लेते थे, यह बात आज तक नरेश नहीं समझ पाया। कर्जदारों के तकादे आते, गालियां सुनते लेकिन फिर अपने रंग में। जोरदार ठहाके। ठहाकों पर ठहाका। घर में चूल्हा नहीं जला तो ठहाका, पत्नी से झगड़ा हुआ तो ठहाका, मिल में किसी बाबू से झगड़ा हुआ तो ठहाका। केवल ठहाका। निराला काका को देख उसे आश्चर्य भी होता और बल भी मिलता। दुखों से दो दो हाथ करने की ताकत मिलती। ज्ञान भी अच्छा था निराला काका का। पुराने जमाने के मैट्रिक पास थे। बहुत कुछ बताते थे नरेश को। नरेश ने उनसे बहुत कुछ सीखा था, समझा था लेकिन यूनियन वाली बात उसने अभी तक निराला काका को नहीं बताया था। बताते तो फिर लगता जोरदार ठहाका और फिर ऐसी बातें कि उसका दिल बैठ जाता। उसने सिर झटक दिया।
चाय ठंडी हो रही थी। वह चाय सुड़कने लगा।यूनियन ऑफिस अभी खुला नहीं था। चार बजे के आसपास खुलता था। उस दिन जवाहर आया था। जतीन दा से मुलाकात भी हुई। जतीन दा ने ढेर सारे सवाल दागे--कब से इहां हो, अब तक यूनियन में काहे नहीं आया। फिर जवाहर से पूछा था-चंदा दे पाएगा ये? जवाहर ने नरेश से पूछा--चंदा कहां से दोगे? मेम्बर बनने के लिए चंदा देना पड़ता है।
नरेश चुप। इस बात का उसके पास कोई जवाब नहीं था। जवाहर ने सुझाया-काम मिलने के बाद दे देना?कितना अच्छा सुझाव था। नरेश तत्काल राजी हो गया। जवाहर को उसने ऐसे देखा मानो वो भगवान हो। बाद में जवाहर ने बताया था कि बाद में चंदा देने पर थोड़े ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं। कोई बात नहीं, थोड़ा ज्यादा पैसा दे देगा। पहले काम तो मिले। आखिरकार जवाहर की मदद से वो लाल हो गया। लाल झंडा का आदमी। अपने आप उसकी अक़ड़ थोड़ी बढ़ गई। शायद अब रोटी के लाले नहीं पड़े। सिर उठाकर घर पहुंचा था।
15 दिन बीत गए। काम मिलना बिल्कुल बंद हो गया था। पहले तो बाबू के पास चक्कर लगाने पर एकाध रोज काम मिल भी जाता था लेकिन अब तो वो भी बंद हो गया था। उसने बाबू के यहां जाना छोड़ दिया था। अब सारी उम्मीद जतीन दा से थी। जवाहर ने कहा भी था कि जतीन दा ये बिल्कुल पसंद नहीं करते कि उनकी यूनियन का कोई आदमी काम के लिए जाकर बाबू के पास गिड़गिड़ाए। तुम निश्चिंत रहो, बाबू साला बुलाकर काम देगा। नरेश को काफी अच्छा लगा था। तो अब वो बेसहारा साधारण आदमी नहीं है।लेकिन 15 दिन बीतते-बीतते उसे अपनी बेचारगी का एहसास होने लगा था। लाल का आदमी होने की हेकड़ी गुम होने लगी थी। सुबह-शाम नियम से यूनियन ऑफिस जाता। पटला दा आफिस खोलता और उसके बाद पूरे आफिस की साफ सफाई। बड़े से लेकर छुटभैये नेताओं तक की सेवा। सबको लाकर चाय पिलाना। चाय का बर्तन धोकर रखना। जतीन दा रोज आता। सफेद कुर्ता, सफेद पाजामा। बगल में खादी का बैग लटकाए। रोज पूछते कैसे हो और वो रोज बताता अच्छा है लेकिन अभी तक हिम्मत नहीं हो पाई थी कि काम के लिए सीधे जतीन दा से बोले। जवाहर से कई बार बोल चुका था लेकिन उसका जवाब भविष्य के सपने दिखाता था। वर्तमान के बारे में उसके पास कहने को कुछ भी नहीं था। क्या जतीन दा जैसे नेता को ये भी नहीं पता कि परदेस में काम के बिना किसी आदमी का क्या हाल हो सकता है? क्या उन्हें ये भी नहीं दिखता की पार्टी आफिस में एक आदमी सुबह-शाम नौकर की तरह क्यों खट रहा है?
जवाहर कहता-देखो अभी तुम्हें आए दस-पंद्रह दिन ही हुए हैं। आते ही काम के लिए कैसे कह सकते हो? यहां लोगों ने सालों संघर्ष किया है। पार्टी के लिए काम किया है। तब जाकर ये मुकाम मिला है। और तुम चाहते हो कि तुम्हें आते ही काम मिल जाय। पार्टी को इस्तेमाल की चीज मत समझो।सुरसती को वो ये बात कैसे समझाएं। अब तो बच्चों की बदहाली उससे बर्दाश्त नहीं हो रही थी। अपनी भूख मार भी ले लेकिन बच्चे तो उसे ही तंग करते हैं। बच्चों की भूख की तड़प अब सुरसती के मुंह से व्यंग्य बन कर निकल रही थी। घर पहुंचते ही पूछती-क्यों नेताजी, आज भी कुछ नहीं हुआ और नरेश टूट कर रह जाता।
और आज तो हद हो गई। घर पहुंचा तो सुरसती घर पर नहीं थी। दोनों बच्चे गला फाड़-फाड़ कर रो रहे थे। पूछने पर पता चला कि सुरसती सुबह से ही गायब है। बच्चों ने सुबह से कुछ नहीं खाया था। मां के लिए तो वो रो ही रहे थे, भूख उन्हें और तड़पा रही थी।नरेश की समझ में नहीं आया कि क्या करे? पहले सुरसती को ढूंढे या बच्चों की भूख मिटाए। घर में आस-पड़ोस की औरतों की भीड़ जमी हुई थी। सब बच्चों को चुप कराने की कोशिश में जुटी थीं। ऊपर से हर तरह की बातें, तरह-तरह के कयास। नरेश के पहुंचते ही वो शुरू हो गईं।
'कहां चले जाते हैं आप लोग?'
'अरे बच्चों का तो ध्यान रखा कीजिए।'
'सुबह से इनकी मां भी गायब है।'
'अरे मां के लिए रो रो कर बुरा हाल है। बाप तो बेचारा काम के जुगाड़ में भटक रहा था।'
'अरे भूख भी लगी है इन्हें।'
'अरे कोई रोटी वगैरह लाकर दो'
और पंडिताइन रोटी लाने चली गईं। जाकर झट से चार रोटी लाईं। दोनों बच्चे खाने लगे। आंसू थम गए थे।इस मकान की यही खासियत थी। लोग एक दूसरे से झगड़ा भी करते थे लेकिन दुख के वक्त एक दूसरे के साथ खड़े भी नज़र आते थे। लेकिन जो भी हो आज उसका घर पहली बार तमाशा बन गया था। तमाशा बन गया था वो खुद, भिखारी बन गए थे उसके बच्चे और तमाशा बन गई थी सुरसती।
अब घर से भीड़ छंट गई थी। बच्चे भी चुप हो गए थे। सिर झुकाए नरेश बैठा था। कहां गई होगी सुरसती? गरीबी और अभाव से तंग आकर कहीं जान तो नहीं दे दी उसने? अक्सर वो इस तरह की बातें किया करती थीं। कहती थी-गंगा मैया ही अब सहारा है। जब बर्दाश्त नहीं होगा, जाकर उन्हीं की गोद में समा जाऊंगी। कभी कहती-रेल के आगे कूदकर जान दे दूंगी। मन बुरी तरह घबड़ा रहा था। तरह-तरह की अनिष्ट आशंकाएं मन में हावी हो रही थी। अगर ऐसा होता है तो इसका जिम्मेदार केवल और केवल वो है। वो बीवी और बच्चों को दो वक्त की रोटी तक नहीं मुहैया करा सकता।किस तरह का बाप है वो? कैसा पति है वो? अगर सुरसती ने कुछ कर लिया तो वो खुद को कभी भी माफ नहीं कर सकता। वो हत्यारा है। जीते जी वो अपने बीवी और बच्चों को मार रहा है। क्या मतलब है उसकी जिंदगी का?अब वक्त बर्बाद करना ठीक नहीं था। सुरसती को खोजने जाना जरूरी था। बच्चे घर में अकेले नहीं रहना चाहते थे। छोटे-छोटे बच्चों के मासूम मन में भी शायद अनिष्ट आशंकाएं बलवती हो रही थीं। इसलिए वो पापा के साथ मां को खोजने जाने की जिद कर बैठे। नरेश उन्हें साथ लेकर निकल पड़ा।
गंगा घाट की आखिरी सीढ़ी पर सुरसती बैठी मिल गई।राहत की सांस ली थी नरेश ने। गंगा शान्त थी लेकिन सुरसती उफ़ान पर थी। नरेश के हर सवाल का जवाब चुप्पी। और फिर सवाल-'हम क्या गांव वापस नहीं लौट सकते?'
हिल उठा था नरेश। कितनी उम्मीदों से गांव से शहर आया था। अभाव और दर्द के गांव को ठेंगा दिखाते हुए। मानो ये कहते हुए-देखो, हम जा रहे हैं। हमारे लिए तुम्हारे पास रोटी और छत नहीं है तो हम भी तुम्हारी गोद में रहने को बेकरार नहीं। रहो अकेले। हम तो चलें।लेकिन शहर तो गांव से भी ज्यादा बेदर्द निकला था। शायद इसीलिए उचट गया था सुरसती का मन। दोबारा पूछा-'तुमने जवाब नहीं दिया? क्या हम गांव नहीं जा सकते?'
'कहां जाएंगे गांव में? किसके यहां जाएंगे? कौन है जो नज़रें बिछाएं हमारे लिए बैठा है? क्या करेंगे गांव में?'
'तो शहर में ही हम क्या कर रहे हैं। गांव में तो कम से कम मैं भी खेतों में मजूरी कर लूंगी। यहां दूसरों के घर जाकर चौका बर्तन करने से तो बेहतर है अपनी जमीन की सेवा करना।'
'नहीं सुरसती। हम इतनी जल्दी नहीं हारेंगे। हम लड़ेंगे?'
' कब तक , जब बच्चे भूख से दम तोड़ देंगे। '
'समझने की कोशिश करो सुरसती।हम गांव से उजड़े हुए लोग। गांव ने हमें त्याग दिया है?'
'तो शहर ने कौन सा अपना लिया है?'
इस सवाल का कोई जवाब उसके पास नहीं था। वो भी चुप बैठा रहा। बच्चे खेल रहे थे। गंगा धीर गंभीर बहती जा रही थी। मानो उनके दुख के बोझ से वो भी बुरी तरह दब गई हो।
Thursday, September 25, 2008
समीर लाल की कहानी--आखिर बेटा हूं तेरा
समीर लाल का नाम किसी परिचय का मुहताज नहीं। ब्लॉगिंग करने वाला कोई भी शख्स इनके नाम से अनजान नहीं। एक बेहतरीन लेखक होने के साथ-साथ समीर जी एक अच्छे इंसान भी हैं। वो न केवल अच्छा लिखते हैं बल्कि दूसरों को लिखने के लिए लगातार प्रोत्साहित करते रहते हैं। उनकी ये कहानी वैसे तो उनके ब्लॉग www.udantashtari.blogspot.com में काफी पहले छप चुकी है लेकिन इतनी अच्छी और संवेदनाओं से लबरेज कहानी है कि इसे दोबारा यहां प्रकाशित किया जा रहा है। उम्मीद है आपको पसंद आएगी।सरौता बाई नाम था उसका. सुबह सुबह ६ बजे आकर कुंडी खटखटाती थी. तब से उसका जो दिन शुरु होता कि ६ घर निपटाते शाम के ६ बजते. कपड़ा, भाडू, पौंछा, बरतन और कभी कभी मालकिनों की मालिश. बात कम ही करती थी.पता चला कि उसका पति शराब पी पी कर मर गया कुछ साल पहले.
Sunday, September 21, 2008
जंगल जिंदगी
नूर मुहम्मद नूर समकालीन हिंदी ग़ज़ल में एक चर्चित नाम है। हिंदी के अलावा उर्दू, अरबी, फ़ारसी, बांग्ला और भोजपुरी में साहित्य की हर विधाओं में पिछले तीन दशकों से सक्रिय लेखन। दो दर्जन कहानियां, विभिन्न विधाओं की पचास पुस्तकों की समीक्षा, ढेरों व्यंग्य रचनाएं, ग़ज़लें, कविताएं हिंदी की विभिन्न लघु पत्रिकाओं में प्रकाशित। कविताओं की पहली किताब ताकि खिलखिलाती रहे पृथ्वी, कहानी संग्रह आवाज़ का चेहरा, ग़ज़ल संग्रह दूर तक सहराओं में प्रकाशित। दस पुस्तकें प्रकाशनाधीन। Thursday, September 18, 2008
मन में खड़ी थी दीवार
बीच की दीवार--भाग 2
गियासुर्रहमान
अनुवाद : नसीम अजीजी
कल कहानी के पहले भाग दंगा और एक बाप की बेबसी में आपने पढ़ा मशकूर अली का संकट। आज पढ़िए कहानी की दूसरी और आखिरी किस्त
आस-पड़ोस में सभी हिंदुओं के मकान थे। यों तो उनके ताल्लुकात सभी से अच्छे थे लेकिन इस फ़साद ने तो दिलों में दरारें पैदा कर दी थीं, किस पर एतबार किया जाय? उनके घर की दीवार के उस तरफ पंडित रतनलाल रहते थे। उनकी बच्ची भी सुग़रा के साथ एक ही स्कूल में पढ़ती थी। दोनों में इस क़दर दोस्ती थी कि एक दूसरे के बगैर एक पल भी रहना गंवारा न था। ऊषा की गुड़िया और सुग़रा का गुड्डा, जिनकी कई बार शादी रचाई गई थी, आज अलग-अलग थे। ऊषा उधर रो-रो कर सुग़रा के घर जाने की जिद कर रही थी लेकिन पंडित रतनलाल खतरा महसूस कर रहे थे। ''मशकूर अली मुसलमान है, वैसे तो वो भला आदमी है लेकिन दंगे में तो सारे मुसल्ले एक जैसे हो जाते हैं। नारा-ए-तकबीर की आवाज़ कान में पड़ते ही आपे से बाहर हो जाते हैं। मैं अपनी बेटी को उसके घर भेजूं और वो उसका गला दबा दे तो क्या होगा?''
वो अपनी बेटी को बहुत समझाते लेकिन उसकी जिद बढ़ती ही जा रही थी। उधर सुग़रा की हालत ग़ैर हो रही थी। मशकूर अली की बेगम और राशिदा रोने लगीं। मशकूर अली उन्हें दिलासा तो दे रहे थे लेकिन खुद उनकी आवाज़ भी भर आई थी और आंखें डबडबाने लगीं। वो कुछ कहना ही चाहते थे कि अचानक उनकी दीवार पर आहट हुई। रात काफी हो चुकी थी। कोई उनके घर की दीवार तोड़ रहा था। दीवार के उस तरफ पंडित रतनलाल का मकान था। मशकूर अली ने अपनी बंदूक कस के पक़ड़ ली। उसमें कारतूस भर दिए और खतरे से निपटने के लिए तैयार हो गए। उन्होंने बेगम से कहा कि वो सुग़रा को लेकर दूसरे कमरे में चली जायं और राशिदा को अपने साथ रहने का हुक्म दिया। वो दिल ही दिल में बड़बड़ाए, '' मुझे रतनलाल से ऐसी उम्मीद न थी कि वो फसादियों को अपने घर से मेरे घर में दाखिल करेगा। वैसे तो बड़ा प्यार जताता था लेकिन आज उसने अपना कमीनापन दिखा ही दिया।''
मशकूर अली ने मुस्तहकम इरादा कर दिया कि फ़सादियों के अंदर घुसते ही वो गोली चला देंगे चाहे उनमें रतनलाल ही क्यों नो हो, जब उसको दोस्ती का एहसास नहीं है तो मैं क्यों हिचकिचाऊं।
दीवार के पीछे से कुदाल की ज़र्बें लग रही थीं और हर ज़र्ब के साथ मशकूर अली के दिल की धड़कन तेज़ हो रही थी, राशिदा उनके पीछे सहमी हुई, ज़ख्मी फ़ाख़्ता की तरह कांप रही थी--''पुराने ज़माने की दीवार इतनी आसानी से नहीं गिरेगी''---एक जगह से चूना उखड़ना शुरू हुआ। मशकूर अली दीवार के बिल्कुल करीब आ गए। बहुत देर के बाद दीवार की एक ईंट घऱ में गिरी और आर-पार एक सुराख हो गया। मशकूर अली ने ललकार कर कहा--''खबरदार! अगर किसी ने अंदर घुसने की कोशिश की तो गोली चला दूंगा।'' और उन्होंने बंदूक की नाल ईंट से निकले हुए सूराख पर लगा दी लेकिन दूसरे ही लम्हे ऊषा की आवाज़ ने चौंका दिया।
''मशकूर चाचा, मैं सुग़रा के लिए खाना लाई हूं।'' और उसने सूराख से एक छोटा सा टिफिन अंदर की तरफ बढ़ा दिया।
Wednesday, September 17, 2008
दंगा और एक बाप की बेबसी
उर्दू कहानी
बीच की दीवार
अनुवाद : नसीम अजीजी
पूरे दस दिन हो गए थे। फ़साद की आग जो भड़की तो बुझने का नाम नहीं लेती थी। सारे शहर में सख्त कर्प्यू के बावजूद वारदातें हो रही थीं। पूरी दस रातें आंखों में गुजर गईं। इस क़दर शोर-शराबे में नींद किसको आती है? फिर हर वक्त ये डर कि कहीं फ़सादी हमला न कर दें। यों तो पहले ही सब कुछ लुट चुका है लेकिन जान सबको प्यारी होती है और उससे भी प्यारी औलाद।
मशकूर अली और उनकी बेगम, अपनी दो बेटियों को गले लगाए बारगाहे-इलाही में दुआएं करते रहते थे कि ''खुदाया इन मासूम बच्चियों पर कोई आंच न आये, चाहे हमारी चिक्का बोटी कर दी जाये।''
बड़ी लड़की राशिदा हाई स्कूल पास करके इंटर में दाख़िल हुई तो अचानक ही उस पर ऐसा निखार आया कि पूरे मुहल्ले की नज़रों में समा गई। कॉलेज के मनचले हसरत भरी निगाहों से देखने लगे। आस-पास क्या, दूरदराज़ से भी कई पैग़ाम आने लगे लेकिन मशकूर अली ये कहकर इंकार कर देते कि ''अभी बच्ची पढ़ रही है और मैं इसको आला तालीम दिलवाना चाहता हूं। खुदा ने बेटा नहीं दिया तो क्या, ये मेरी बेटियां ही बेटों से बेहतर हैं।''
लेकिन राशिदा की जवानी ने मां-बाप की आंखों से नींद छीन ली थी और दिन-ब-दिन एक अजीब सा इज़्तेराब बढ़ता जा रहा था और पिछले दस रोज़ से तो वो सिर्फ राशिदा की फिक्र में इतने परेशान थे कि कोई मौत से भी इतना परेशान न होगा। वैसे कई बार मशकूर अली ने अपनी दो नाली बंदूक निकाल कर उसकी सफाई की थी और पुराने करातूस को धूप दिखाई थी। वो रोजाना कारतूस गिन-गिन कर रखते थे। कुल नौ कारतूस थे।
उन्होंने अच्छी तरह सोच रखा था कि अगर फ़सादी आते हैं, पहले तो सद्र दरवाज़ा ही आसानी से नहीं टूट सकेगा। अगर दरवाज़ा टूट भी जाता है और वो अंदर घुसने की कोशिश करते हैं तो मशकूर अली राशिदा को अपने साथ ही रखेंगे। जहां तक हो सका आठ कारतूसों से फसादियों का मुकाबला करेंगे और नवां कारतूस राशिदा की इज्जत बचाने के लिए काफी होगा लेकिन आज उन्हें राशिदा की कम और अपनी छोटी बेटी सुगरा की ज्यादा फिक्र थी। सुग़रा सात-आठ साल की थी और अपनी तोतली जबान में इतनी प्यारी बातें करती थी कि सभी उसके गरवीदा थे। पिछले तीन दिन से वो बुखार में मुब्तला थी। दवाई तो दरकिनार, खाने के लिए एक दाना भी बाकी न था।
मशकूर अली हमेशा ज़ख़ीरा अंदोजी के ख़िलाफ़ थे और कभी उन्होंने मुस्तक्बिल की फिक्र न की थी लेकिन अब पछता रहे थे।'' काश पहले ही एक आध बोरी आटा या चावल वैगरह जमा कर लेता तो आज ये नौबत न आती।'' उस कर्फ्यू में बिजली और पानी का निजाम दरहम-बरहम हो गया था। अब तो पीने का पानी भी बमुश्किल तमाम फराहम हो पा रहा था और फिर रह-रह कर सुग़रा का दिलदोज़ अंदाज़ के साथ खाना मांगना उन्हें बेचैन कर रहा था। आज तक उन्होंने किसी के आगे हाथ नहीं फैलाए थे। जमींदारी खत्म हुई, जायेदाद के बंटवारे हुए। मशकूर अली के हिस्से में ये पुराना मकान और चार छोटी-छोटी दुकानें आईं, जिनका बरायेनाम किराया ही उनका जरिय-ए-गुज़र औक़ात था। उन्होंने इसी पर इक्तेफ़ा किया, लेकिन अपने भाइयों में सबसे बड़े होने के नाते उन्होंने जिद करके अपने बुजुर्गों की निशानी ये दो-नाली बंदूक अपने कब्जे में कर ली थी। कितने ही उतार-चढ़ाव आये, एक-एक करके घर की सभी क़ीमती चीजें सस्ते दामों में बिक गई। फाकों तक की नौबत आई लेकिन उन्हें अपने आबाई शानो शाकत की निशानी उस दो नाली बंदूक को बेचने का ख्याल भी नहीं, मगर आज वो अपनी सुग़रा की भूख की खातिर अपनी जान भी बेचने को तैयार थे। वो फ़कीरों की तरह भीख मांग कर भी अपनी बच्ची का पेट भरना चाहते थे लेकिन बाहर निकलना मुमकिन न था। कर्फ्यू ने सख्त शक्ल अख्तियार कर ली थी, देखते ही गोली मार देने के अहकामात जारी हो गए थे। बाहर पुलिस की जीप गुजरती और लाउडस्पीकर पर यही ऐलान करती कि कोई भी घर से बाहर न निकले।
क्या इस भीषण संकट से निकल पाए मशकूर अली? क्या सुग़रा को मिल पाया पेट भर खाना? क्या राशिदा की रक्षा कर पाए मशकूर अली अपनी दो नाली बंदूक से? जानने के लिए कहानी का अगला और आखिरी किस्त पढिए कल
Tuesday, September 16, 2008
सब कुछ माया है
मामाजी--दूसरी और आखिरी किस्त
रागिनी पुरी
कल कहानी मामाजी की पहली किस्त में आपने पढ़ा कि सुमेधा किस तरह अपने मामाजी के व्यक्तित्व से प्रभावित थी। आज पढ़िए कहानी की दूसरी और आखिरी किस्त
मन ही मन मामाजी की तारीफों के पुल बांधते बांधते सुमेधा का ध्यान अपने पापा की ओर चला गया है। बिलकुल मस्तमौला इंसान हैं उसके पापा। दिल के बिलकुल साफ, पर अपने दम पर तो वो घर को बिलकुल मैनेज नहीं कर सकते। अगर घर में वो अकेले हों और चार मेहमान आ जाएं, तो उन्हें तो कुछ सूझेगा ही नहीं...उन्हें तो हर चीज़ मम्मी से मांगने की आदत है...हां चाय शायद ज़रूर बना लेंगे। सुमेधा सोचते- सोचते हंसने लगी।राखी की रस्म हो गई है। काफी देर से हंसी ठहाकों का सिलसिला चल रहा है। पूरी तरह से फील गुड फैक्टर वाला माहौल है। नाश्ता भी लगभग हो ही चुका है। गर्मागर्म आलू के परांठे, घर का बना सफेद मक्खन और दही। अब गर्मागर्म मसालेदार चाय की चुस्कियों के साथ ठहाकों का दौर चल रहा है। बचपन की बातें, लड़ाई झगड़े, बेवकूफियां...सब याद की जा रही हैं।अब बस थोड़ी ही देर में स्वामीजी के आश्रम के लिए निकलना है। वहां से सत्संग के बाद सुमेधा मम्मी के साथ अपने घर चली जाएगी।
शंभू ने गैरेज से कार निकाल दी है और अब उसे चमका रहा है। घर के सभी लोग तैयार हो निकलने की तैयारी कर रहे हैं।सत्संग के बाद मामाजी स्वामीजी के साथ रहेंगे और मामीजी फैक्ट्री चली जाएंगी, कुछ ज़रूरी काम निपटाने। सभी सत्संग घर के लिए निकल पड़े हैं। कार मामाजी ही ड्राइव कर रहे हैं। सुमेधा पीछे मम्मी के साथ बैठी है। मामीजी आगे हैं। सीडी प्लेयर पर स्वामीजी का सत्संग चल रहा है। सभी उसमें खोए हैं...."मनुष्य अपने कर्मों से जाना जाता है। वो खाली हाथ आया है, खाली हाथ जाएगा। सारी माया यहीं रह जाएगी...इसलिए ऐ परमात्मा के बन्दे, पाप ना कर, कल किसने देखा है...मोहमाया त्याग दे।" सत्संग चल रहा है, सभी चुप हैं।
ट्रैफिक सिग्नल पर गाड़ी रुकी है। एक मैली कुचैली सी लड़की कार की ओर बढ़ रही है। बाल बुरी तरह उलझे हुए...छोटी सी फ्रॉक कई जगह से फटी हुई...हाथ में एक गंदा सा कपड़ा है, जिसे वो कार पर फेरने लगी है।
"साले बहन..., सुबह सुबह आ जाते हैं।" मामाजी ज़ोर से बड़बड़ाने लगे हैं। लड़की उनके शीशे के बिलकुल पास आ गई है...हाथ फैलाए हुए...कुछ बोल भी रही है, पर कार के अंदर उसकी कमज़ोर आवाज़ सुनाई नहीं दे रही।
"साले हराम के पैदा करके छोड़ देते हैं सड़क पर....हमने क्या टकसाल लगाई हुई है...चल भाग यहां से...!" मामाजी बोलते जा रहे हैं...पर लड़की वहीं खड़ी हुई है....हाथ फैलाए...सुमेधा का दिल कर रहा है उस बच्ची को कुछ देने का...पर मामाजी का गुस्सा देख हिम्मत नहीं हो रही। शरीर ही मानो जड़ हो गया है। ना मुंह से आवाज़ निकल रही है और ना शरीर हिल रहा है। अभी अगर पापा होते यहां तो मामाजी को ज़रूर टोकते और बेचारी सी बच्ची को ज़रूर कुछ देते। पर ज्यादा धक्का तो इस बात है कि मामाजी बोल रहे हैं ये सब..! उसके सोफिस्टिकेटेड मामाजी...!सिग्नल अभी तक लाल ही है। अब तो लड़की हाथ फैलाए गिड़गिड़ा रही है। कार के शीशे से हाथ नहीं हटाया है अभी तक।
"सालों हरामज़ादों...! समझ नहीं आ रही क्या..." मामाजी ने कार का शीशा नीचे किया है।"ओए तुझे समझ नहीं आ रही क्या...नहीं देना कुछ भी हमने...भाग जा...पता नहीं कहां से आ जाते हैं साले...कार का शीशा खराब कर के रख दिया !" मामाजी ने लड़की को ज़ोर से धक्का दिया है। वो बीच सड़क पर गिरते गिरते संभल गई है और दूसरी कार की ओर बढ़ने लगी है।सिग्नल हरा हो गया है।
"बेवकूफ ने सारा शीशा खराब कर दिया...हाथ के निशान पड़ गए हैं...बेवकूफ लड़की..." मामाजी कार आगे बढ़ाते हुए गुस्से में बड़बड़ाते जा रहे हैं। मामीजी चुप हैं। शायद अपने पति की बातों को मौन सहमति दे रही हैं। मम्मी भी चुप हैं। पता नहीं उनके मन में क्या चल रहा है। सुमेधा भी चुप है। पर उसकी तो मानो ज़ुबान ही बेजुबान हो गई है। हर बात पर बढ़ चढ़कर बोलने वाली सुमेधा भी आज चुप है। सीडी प्लेयर पर स्वामीजी कहते जा रहे हैं,"बंदे, ये दुनिया तो बस एक छलावा है....तू ध्यान कर...इस मोहमाया की दुनिया से बाहर निकल....तू खाली हाथ आया है, खाली हाथ ही जाएगा..."
Monday, September 15, 2008
मामाजी
मामाजी--भाग एक
करीब छह बज रहे हैं। पूरा घर सुबह की पहली अंगड़ाई ले रहा है। सुमेधा के कानों में हल्की हल्की आवाज़ें छन कर आ रही हैं। कभी बाथरूम की हल्की फुल्की उथल पुथल, तो कभी रसोई में बर्तनों के खड़कने की आवाज़ें...इसका मतलब मामीजी जाग गई हैं। लॉबी से किसी के चलने की आवाज़ें आ रही हैं। भारी चप्पलें मार्बल के फर्श पर आवाज़ करती हुईं....मामाजी हैं....मामाजी तो काफी पहले ही उठ गए होंगे।
सुमेधा ने हल्के से चादर से सिर बाहर निकाला है। बेडरूम के दरवाजे से उसकी नज़र मामाजी पर पड़ी है। सफेद रंग का धुला हुआ कुर्ता पायजामा पहनकर तैयार मामाजी...बाल करीने से संवरे हुए...कितनी एनर्जी है इनमें...नहा भी लिया...! कितने बज़े उठे होंगे...सुमेधा अलसाई हुई करवट बदलने की कोशिश करती है। पर फिर झिझक के कारण कुछ देर और बिस्तर पर पड़े रहने का इरादा छोड़ना पड़ता है।
अपना घर और अपना बेडरूम होता तो फिर तो आठ बजे तक सोई रहती...कोई नहीं टोकता..पर ये तो मामाजी का घर है। इसलिए थोड़ा लिहाज तो करना पड़ेगा। सुमेधा पिछली रात ही आई है यहां...अपनी मम्मी के साथ। आज राखी जो है। मम्मी मामाजी को राखी बांधेगीं, फिर सभी सत्संग सुनने स्वामीजी के आश्रम जाएंगे। सुमेधा के घर में सभी बड़े भक्त हैं स्वामीजी के। बहुत भक्ति भाव है सब में। और मामाजी और मामीजी में तो कुछ ज्यादा ही भक्ति भाव भरा है।मामाजी कहते हैं कि उन पर स्वामीजी कि बहुत कृपा है। सब कुछ उनका दिया हुआ ही तो है। आलीशान बंगला, दो दो लंबी कारें, फैक्ट्री, शानदार ऑफिस, नौकर चाकर....बेटी की शादी हो चुकी है, और बेटा विदेश में है। किसी तरह कि कोई कमी नहीं...सच में बड़ी कृपा है स्वामीजी की। अब मामाजी में भी तो भक्ति भाव बहुत है, कृपा तो होगी ही। स्वामीजी का आश्रम वैसे तो राजस्थान में है, पर आए दिन दिल्ली आते रहते हैं। विदेशों के दौरे पर भी जाते हैं तो दिल्ली से होकर ही जाते हैं। और उनके दिल्ली आने पर मामाजी उनके साथ ही रहते हैं, साए की तरह।
बहरहाल सुमेधा बिस्तर से उठ बैठी है। लॉबी में बैठे अखबार पढ़ रहे मामाजी की नज़र उस पर पड़ गई है।
"गुड मार्निंग बेटा," वो वहीं से बोल रहे हैं।
"गुड मार्निंग मामाजी," कहती हुई सुमेधा लॉबी की तरफ बढ़ने लगी है।
"और गर्मी तो नहीं लगी रात को? मैंने ए-सी बंद कर दिया था।"
"नहीं मामाजी, बल्कि सुबह को तो ठंड होने लगी थी। अच्छा किया ए-सी बंद कर दिया।"
"तो हां बेटाजी...पहले तो ये बताओ की नाश्ते में क्या लोगे? वैसे तुम्हारी मामी ने आलू उबाल लिए हैं। अब बताओ, सैंडविच खाओगे या फिर आलू के परांठे ? "
"मामाजी, दोनों चीज़े परफेक्ट हैं, जो सभी खाएंगे, मैं भी वही खाऊंगी," कहती हुई सुमेधा रसोई की ओर बढ़ने लगती है। मामाजी भी अखबार समेटते उसके पीछे आने लगते हैं।रसोई में मामीजी चुपचाप काम में लगी हैं। वो ज़्यादा बोलती नहीं। बस काम की ही बात करती हैं। शंभु घर की सफाई कर रहा है। वो बीच बीच में उसे ठीक ढंग से काम करने की हिदायत देती हुईं आलू छीलने में लगी हैं।मामाजी रसोई में आ मामीजी को नाश्ते में आलू के परांठे तैयार करने को कहते हुए खुद चाय बनाने की तैयारियों में जुट जाते हैं।
अब तो सुमेधा की मम्मी भी तैयार होकर आ गई हैं। रसोईघर में खड़े खड़े सभी इधर उधर की बातें करने में मशगूल हो जाते हैं।सुमेधा की इन बातों में को दिलचस्पी नहीं। वो टीवी ऑन करती है। कहीं कुछ खास नहीं आ रहा। खबरें भी कुछ खास नहीं। एक लोकल चैनल पर पुराने गाने आ रहे हैं। हल्की आवाज़ में वो चैनल लगा सुमेधा नहाने की तैयारियों में जुट जाती है।बैग से ब्रश, कपड़े और तौलिया निकाल वो बाथरूम की ओर बढ़ रही है।
"बेटा, आपने चाय नहीं पीनी पहले ?" मामाजी पूछ रहे हैं।
"नहीं मामाजी, एक ही बार पीऊंगी...नाश्ते के साथ..."
"ठीक है, फिर आओ बता दूं बाथरूम में शैंपू वगैरह कहां रखा है।'' मामाजी उसके साथ बाथरूम में आएं हैं। ये गीज़र का प्लग, इस नल में गर्म पानी, इसमें ठंडा, यहां से शावर...सबकुछ समझा रहे हैं। अब मामाजी ने कपबोर्ड खोल दिया है...माइल्ड शैम्पू, क्लीनिक प्लस, साबुन, तेल, बॉडी ऑयल...सब समझा रहे हैं।
" अच्छा बेटा, और किसी चीज़ की ज़रूरत हो तो आवाज़ दे देना," मामाजी कहते हुए वापस रसोई में चले गए हैं।सुमेधा बाथरूम का दरवाजा बंद कर बैठी सोच रही है। कितने कैयरिंग हैं ना मामाजी। कितना ख्याल रखते हैं सब का....और घर की हर चीज का पता है उनको। उस पर से क्या पर्सनैलिटी है...हर दम एकदम फिट।
मामा की दीवानी सुमेधा लेकिन आखिर ऐसा क्या होता है कि सुमेधा के मन में मामा के प्रति भर जाती है वितृष्णा। जानने के लिए कल पढ़िए कहानी की अगली और आखिरी किस्त


